प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक 27 मार्च, 2021

होली पर्व पर विधान सभा अध्यक्ष ने दी प्रदेश वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं

छत्तीसगढ़ विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने होली पर्व पर प्रदेश वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है। अपने संदेश में डॉ. महंत ने कहा कि- रंगों का पर्व होली प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में नयी ऊर्जा और उमंग का संचार करता है। सामाजिक समरसता, सौहार्द्र एवं उल्लास का प्रतीक यह पर्व सम्पूर्ण समाज एवं प्रदेश वासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। होली का पर्व हमें अधर्म, असत्य और अन्याय जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों से लड़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि- होली ही ऐसा पर्व है जो विश्व के कई देशों में विभिन्न स्वरूपों में मनाया जाता है। उन्होंने आह्वान किया कि- बदली हुई परिस्थितियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देते हुए इस अवसर पर वृक्षों की कम से कम कटाई हो इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कोविड-19 के पुनः बढ़ते संक्रमण को ध्यान रखते हुए प्रदेश वासियों से जागरूकता और सावधानी बरतने और शासन द्वारा जारी गाईड लाइन के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने का भी अनुरोध किया।