प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक 21 दिसम्बर 2020

- विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने श्री मोतीलाल वोरा के निधन पर शोक व्यक्त किया

- छत्तीसगढ़ विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल श्री मोतीलाल वोरा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि- श्री मोतीलाल वोरा प्रदेश एवं देश के सर्वमान्य नेता थे। श्री वोरा ने सदैव किसानों, गरीबों और आदिवासियों के उत्थान के लिए प्रयास किया। वे सदैव उनके हितों के प्रति सजग रहे। वे अपनी राजनीतिक शुचिता के लिए पहचाने जाते थे। उन्होंने दुर्ग के जमीनी स्तर से राजनीति की शुरूआत कर योग्यता एवं परिश्रम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। वे एक कुशल राजनेता होने के साथ-साथ एक सरल हृदय के व्यक्ति भी थे। उनका निधन देश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। डॉ. महंत ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।