प्रेस विज्ञप्ति |
दिनांक 21.10.2022 |
--दीपावली पर्व पर विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी |
-छत्तीसगढ़ विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व पर अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। अपने शुभकामना संदेश में विधान सभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने कहा कि-धनतेरस से लेकर भाई दूज तक चलने वाला ये पांच दिन का पर्व हमारी सभ्यता और संस्कृति की गौरव-गाथा है। धनतेरस, रूप चौदस, लक्ष्मीपूजा (दीपावली), गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज का यह पर्व भारतीय संस्कृति का गौरव है। यह पर्व रोशनी का है और तमस (अंधकार) को दूर करता है इसलिए यह पर्व ज्ञान का प्रकाश पंहुचाने के संकल्प का पर्व भी कहलाता है। गोवर्धन पूजा के अवसर पर उन्होंने प्रदेश के कृषक बंधुओं को बधाई देते हुए कहा कि-पशुधन हमारी कृषि का आधार है इसलिए इसके संरक्षण और संवर्धन की दिशा में और अधिक प्रयास करने होंगे। डॉ. महंत ने अपने शुभकामना संदेश में कहा-कि उमंग, उल्लास, उत्कर्ष और उजास का सुहाना दीपावली पर्व अनेक भाव रोशन कर मनुष्य के मन-मस्तिष्क को चिर-आलोक से परिपूर्ण करता है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह त्यौहार न सिर्फ सांस्कृतिक या पौराणिक रूप से बल्कि कलात्मक और सृजनात्मक रूप से भी मन की भावों की अभिव्यक्ति को प्रवाहित होने का अवसर प्रदान करता है। दीपपर्व को परम्परागत उल्लास और गरिमा के साथ मनाये जाने की कामना करते हुए डॉ. महंत ने प्रदेशवासियों से अपेक्षा की है कि प्रदेश के सभी नागरिक एक दीप प्रदेश की शांति एवं समृद्धि के लिए भी अवश्य प्रज्जवलित करें। डॉ. महंत ने ईश्वर से कामना करते हुए कहा कि-छत्तीसगढ़ राज्य के प्रत्येक नागरिक को सुख, सम्पन्नता और समृद्धि का अपूर्व भण्डार प्राप्त हो तथा दीपावली पर्व समस्त नागरिकों के जीवन में नया सबेरा लेकर आये।
|