प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक 16.12.2022

-माननीय विधान सभा अध्यक्ष का विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अभिनंदन

 

-विधान सभा सचिवालय परिवार द्वारा विधान सभा अध्यक्ष मान. डॉ. चरणदास महंत का अभिनंदन समारोह श्यामा प्रसाद मुकर्जी प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय अध्यक्ष महोदय का स्वागत विधान सभा सचिव श्री दिनेश शर्मा के साथ ही अधिकारी कर्मचारियों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर किया गया।

माननीय अध्यक्ष महोदय ने अपने संबोधन में सचिवालय परिवार को उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यदि कर्मचारी अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण से करते हैं तो उन्हें उनके अधिकार अवश्य मिलते हैं, इनमें कभी विलंब हो सकता है लेकिन परिश्रम का फल अवश्य ही प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि-विधान सभा एक संवैधानिक संस्था है, प्रजातांत्रिक संस्था की गरिमा भी है और आप सब मिलकर इसकी गरिमा को बढ़ाते है। इस अवसर पर उन्होंने अपने कुछ संस्मरण भी सुनाएं।

विधान सभा सचिव श्री दिनेश शर्मा ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि- पदोन्नति सब के जीवन में बहुत निकट से जुड़ी होती है। आप सभी का दायित्व है कि आपको जो कार्य और दायित्व सौपे गये है अपनी पदीय क्षमता और दायित्वों के अनुरूप कर के दिखायें। मान. अध्यक्ष महोदय ने वर्ष 2019 से अभी तक निरन्तरता में लगभग 129 अधिकारियों/कर्मचारियों को पदोन्नत कर अपना आशीर्वाद दिया। अभी हाल में अलग-अलग वर्ग में 55 अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति हुई है।

कार्यक्रम के परिप्रेक्ष्य में विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

अंत में अवर सचिव श्री शेषगिरि राव ने आभार प्रदर्शन किया ।