प्रेस विज्ञप्ति |
||
रायपुर, दिनांक 14 जुलाई, 2025 |
||
-‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ कार्यक्रम के तहत् नवीन विधानसभा परिसर में हुआ ‘‘पौधारोपण’’ -मान. विधानसभा अध्यक्ष, मान. मुख्यमंत्री, मान. मंत्रीगण एवं मान. विधायकों ने लगाये पौधे
|
||
आज ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान अंतर्गत नवीन विधान सभा परिसर नवा रायपुर में ‘‘पौधारोपण’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ‘‘पौधारोपण’’ कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष मान. डॉ. रमन सिंह, मान. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, मान. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, मान. उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव, मान. उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, मान. वन एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप, मंत्रि-परिषद के मान. सदस्य, मान. विधायकों, मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन, श्री अमिताभ जैन एवं विधान सभा सचिव श्री दिनेश शर्मा ने नवीन विधानसभा परिसर में ‘‘पौधारोपण’’ किया। नवीन विधानसभा परिसर में ‘‘पौधारोपण’’ अभियान की शुरूआत में विधानसभा अध्यक्ष मान. डॉ. रमन सिंह, मान. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं मान. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सभी ने ‘‘गुलमोहर’’ का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष मान. डॉ. रमन सिंह ने कहा कि-छत्तीसगढ की विधानसभा पूरे देश भर में अपने विशिष्ट कार्यकलापों के लिये जानी जाती है। छत्तीसगढ सरकार की ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ योजना के तहत् पूरे प्रदेश भर में ‘‘पौधारोपण’’ का महाअभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत् विधानसभा परिसर के समीप क्षेत्र को भी हरा-भरा रखने के उद्देश्य से मान. विधायकों द्वारा आज यहां पौधे लगाये गये हैं। उन्हांने कहा कि-वन है तो जल है, और जल है तो जीवन है, इसलिए आज यह आवश्यक है कि पर्यावरण को संतुलित करने के लिए हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि-आज के इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में सभी विधायकों की भागीदारी रही, यही छत्तीसगढ विधानसभा की विशेषता है, प्रदेश हित में राजनैतिक प्रतिबद्धता से परे जनहित प्रमुख रहता है। मान. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि-रोपित पौधों की देखभाल नवीन विधानसभा परिसर में नियमित रूप से की जायेगी और हमारा यह प्रयास होगा कि मान. विधायकों द्वारा रोपित पौधे शीघ्र ही वृक्षों का रूप धारण करें एवं विधानसभा परिसर को हरा भरा रखें। इस अवसर पर मान. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि-पूरे प्रदेश में ‘‘पौधारोपण’’ का महाअभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नवीन विधानसभा परिसर के आसपास को भी हरा-भरा रखने के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा जो पौधे लगाये जा रहे हैं, वे जनप्रतिनिधि अपने द्वारा रोपित पौधों को नवीन विधानसभा में अपने प्रवास के दौरान देख सकेंगे एवं इसकी स्मृतियां उनके मन-मस्तिष्क में हमेशा अंकित रहेंगी। |
||