प्रेस विज्ञप्ति |
|||||||||||||||
दिनांक 10 फरवरी, 2019 |
|||||||||||||||
- नियमों का ज्ञान, व्यवहार कुशलता, मृदुभाषिता एवं सद्भावपूर्ण व्यवहार एक प्रभावी विधायक बनने के आवश्यक गुण हैं- श्री दिग्विजय सिंह - विधान सभा में प्रबोधन कार्यक्रम का समापन |
|||||||||||||||
छत्तीसगढ़ विधान सभा सचिवालय में नवनिर्वाचित मान. सदस्यों के लिए आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम के समापन सत्र में आज राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश, मान. श्री दिग्विजय सिंह ने सदस्यों को सम्बोधित किया। उन्होने अपने सुदीर्घ राजनैतिक जीवन के अनुभवों को मान. सदस्यों को बताया एवं उन्हें सफल एवं प्रभावी विधायक बनने के गुर बताये। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष मान. डॉ. चरणदास महंत, मान. मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष मान. श्री धरमलाल कौशिक, संसदीय कार्यमंत्री मान. श्री रविन्द्र चौबे, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, श्रीमती अमृता राय, मान. मंत्रीगण, मान. सदस्यगण एवं विधान सभा के सचिव, श्री चन्द्र शेखर गंगराडे़ उपस्थित थे। राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश मान. श्री दिग्विजय सिंह ने सदस्यों को प्रभावी एवं सफल विधायक बनने के गुर बताते हुए कहा कि-क्षेत्र के मतदाता से जीवित संपर्क, नियम प्रक्रियाओं का पूरा ज्ञान, व्यवहार कुशलता, मृदुभाषिता एवं सदन में संयमित भाषा से ही कोई भी मान. सदस्य प्रभावी विधायक के रूप में अपनी पहचान बना सकता है। उन्होंने कहा कि- शोर-शराबा करके विधान सभा के अंदर मान. सदस्य अपनी पहचान नहीं बना सकते। उन्होंने कहा कि- मान. सदस्यों को अपनी विचारधारा से समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने श्री कवासी लखमा का उदाहरण देते हुए कहा कि- मतदाताओं से जीवित जनसंपर्क से अनपढ़ व्यक्ति सफल एवं प्रभावी विधायक बन सकता है। उन्होंने कहा कि- मान. सदस्यों को अपने विधान सभा क्षेत्र में विरोधियों के प्रति भी अच्छा व्यवहार रखना चाहिए। उन्होंने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि विधान सभा का सबसे महत्वपूर्ण कार्य कानून बनाना होता है लेकिन उस समय सभा में विधायकों की उपस्थिति सबसे कम होती है। उन्होंने कहा कि- सदस्यों को अपनी बात सभा में पूरे विश्वास एवं प्रमाणिकता के साथ उठानी चाहिए। इसके पूर्व अपने उद्बोधन में विधान सभा अध्यक्ष मान. डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि- श्री दिग्विजय सिंह एक अत्यंत ही परिपक्व राजनेता हैं एवं हम सब उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। उनका मार्गदर्शन प्राप्त कर ही नवनिर्वाचित मान. सदस्य प्रभावी विधायक के रूप में अपने आप को स्थापित करने में सफल होगें। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की पंचम विधान सभा में 44 विधायक कृषि क्षेत्र से संबंधित हैं। जबकि 19 मान. सदस्य व्यवसायी, 03 वकील, 06 चिकित्सक एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता हैं। 01 मान. सदस्य मजदूर थे जो पंचम विधान सभा में निर्वाचित होकर आयें हैं। इस तरह छत्तीसगढ़ की पंचम विधान सभा में एक अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। प्रबोधन कार्यक्रम के अवसर मान. सदस्यों को सम्बोधित करते हुए मान. मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि-विधान सभा में नियमित उपस्थिति से ही नवनिर्वाचित विधायक विधान सभा की नियम प्रक्रिया एवं संचालन को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि-मान. सदस्यों को अपनी बातें सदन में न केवल रखनी चाहिए बल्कि उन बातों पर शासन की कार्यवाही भी हो इसका भी प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक प्रभावी विधायक को अपने विधान सभा क्षेत्र के सामाजिक एवं भौगोलिक क्षेत्रफल का पूर्ण ज्ञान होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि- विधायकों को सभा में सभी विषयों पर प्रश्न पूछना चाहिए लेकिन किसी एक विषय पर उनका विशेष अधिकार होना चाहिए, जिससे वे उस विषय के विशेषज्ञ के रूप में अपनी पहचान बना सके। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष मान. श्री धरमलाल कौशिक ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के प्रारंभ में विधान सभा सचिव, श्री चन्द्र शेखर गंगराडे ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथियों ने चतुर्थ विधान सभा के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों से संबंधित पुस्तक ’’सार संक्षेप’’ का विमोचन किया । कार्यक्रम के अंत में विधान सभा अध्यक्ष मान. डॉ. चरणदास महंत ने श्री दिग्विजय सिंह एवं श्रीमती अमृता राय को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अंत में संसदीय कार्यमंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने प्रबोधन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। |
|||||||||||||||
|
|
||||||||||||||