प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक 04 नवम्बर, 2021

विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत ने श्री देवव्रत सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया

- छत्तीसगढ़ विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत ने पूर्व सांसद एवं खैरागढ़ विधान सभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक श्री देवव्रत सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में डॉ महंत ने कहा कि- श्री देवव्रत सिंह मृदुभाषी, सहज, सरल एवं मिलनसार थे। सांसद एवं विधायक के रूप में उन्होंने सदैव प्रदेश एवं क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया एवं उनके निराकरण के लिए प्रयासरत रहे। उन्हें संसदीय कार्यों की भी अच्छी समझ थी इसलिए उन्होंने छत्तीसगढ़ विधान सभा में सभा के संचालन के लिये मनोनीत सभापति तालिका के सदस्य के रूप भी अपनी भूमिका का कुशलता पूर्वक निर्वहन किया। उनके निधन से प्रदेश ने एक कर्मठ एवं ऊर्जावान जन प्रतिनिधि को खो दिया है। डॉ. महंत ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।