प्रेस विज्ञप्ति |
||||
दिनांक 04 जनवरी 2021 |
||||
- विधान सभा अध्यक्ष ने किया छत्तीसगढ़ विधान सभा के वर्ष 2021 के कैलेण्डर का विमोचन |
||||
- मान. छत्तीसगढ़ विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आज पूर्वाह्न छत्तीसगढ़ विधान सभा के वर्ष 2021 के कैलेण्डर का विमोचन किया। इस अवसर पर मान. सांसद, कोरबा, श्रीमती ज्योत्सना महंत, मान. विधान सभा उपाध्यक्ष श्री मनोज सिंह मंडावी, मान. मंत्री श्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, मान. विधायकगण, विधान सभा के प्रमुख सचिव श्री चन्द्र शेखर गंगराडे़ एवं विधान सभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि आज मान. डॉ. चरणदास महंत का छत्तीसगढ़ विधान सभा अध्यक्ष के रूप में दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हुआ है। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि-लोकसभा एवं राज्यसभा की तरह छत्तीसगढ़ विधान सभा ने भी पहली बार अपना कैलेण्डर जारी किया है। अपने 02 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, संत कबीर, संत गुरू घासीदास जी एवं अपने पुरखों की भावनाओं के अनुरूप उनका यह सदैव प्रयास रहा कि सदन की गरिमा बरकरार रहे। उन्होंने सदैव ’’ना काहू से दोस्ती, ना काहू से बैर’’ के कबीर जी के सिद्धांत को सदन के संचालन में अपना मूल वाक्य बनाया है। उनका यह प्रयास होगा कि छत्तीसगढ़ विधान सभा अपनी प्रक्रिया, परम्परा एवं कार्य संचालन में पूरे देश मे ही नहीं वरन् विदेशों में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाये। इस अवसर पर मान. मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, वरिष्ठ विधायक मान. श्री सत्यनारायण शर्मा एवं मान. विधायक श्री विकास उपाध्याय ने भी उपस्थित जनों को सम्बोधित किया । इसके पूर्व विधान सभा के प्रमुख सचिव श्री चन्द्र शेखर गंगराड़े ने अपने स्वागत सम्बोधन में कहा कि- मान. विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत के 02 वर्ष के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ विधान सभा ने राष्ट्रीय स्तर पर विकास के नये सोपानों को तय किया है, एवं उनके नेतृत्व में यह प्रक्रिया अनवरत् जारी रहेगी। अंत में मान. विधान सभा उपाध्यक्ष श्री मनोज सिंह मंडावी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। |
||||