प्रेस विज्ञप्ति |
||
दिनांक 22 जुलाई 2014 |
||
शासकीय उच्चतर मा. विद्यालय अमेरा (पलारी) जिला-बलौदा बाजार के विद्यार्थियों ने विधान सभा की कार्यवाही का अवलोकन किया विधान सभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल से भेंट की |
||
शासकीय उच्चतर मा. विद्यालय अमेरा विकास खण्ड - पलारी जिला - बलौदाबाजार के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने आज विधान सभा की कार्यवाही का अवलोकन किया। कार्यवाही अवलोकन पश्चात् उन्होंने विधान सभा परिसर स्थित समिति कक्ष में विधान सभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल से भेंट की। इस अवसर पर विधान सभा के प्रमुख सचिव श्री देवेन्द्र वर्मा भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में विधान सभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल ने कहा कि - विधान सभा प्रदेश की सर्वोच्च प्रजातांत्रिक संस्था है। लोकतंत्र के तीन प्रमुख अंग हैं 1. विधायिका 2. कार्यपालिका एवं 3. न्यायपालिका। विधान सभा में प्रदेश के हित एवं विकास की नीतियों पर चर्चा होती है एवं कानून बनते हैं। विधान सभा में प्रश्नकाल एवं ध्यानाकर्षण काल में मान. सदस्य अपने प्रश्नों के माध्यम से सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि विधान सभा की कार्यवाही प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमों के तहत संचालित की जाती है और कभी-कभी परम्पराओं के आधार पर ही सदन की कार्यवाही संचालित होती है। विधान सभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल ने विद्यार्थियों को शून्यकाल, स्थगन प्रस्ताव, तारांकित एवं अतारांकित प्रश्न, गर्भगृह इत्यादि के बारे में सारगर्भित जानकारी दी। इस अवसर पर विधान सभा के प्रमुख सचिव श्री देवेन्द्र वर्मा ने विद्यार्थियों को विधान सभा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि - विधान सभा अध्यक्ष विधान सभा के सर्वोच्च प्राधिकारी होते हैं। विधान सभा के तीन प्रमुख कार्य होते हैं - 1. शासन से सूचनाएं प्राप्त करना, 2. विधि निर्माण करना, एवं 3. आय-व्ययक (बजट) प्रस्तुत कर, उसे पारित करना। विधान सभा की 19 समितियां होती हैं जो अन्तःसत्रकाल में अपने बैठकें कर शासन की जवाबदेही सुनिश्चित करती हैं।
|
||