प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक 14 अगस्त 2019

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माननीय विधान सभा अध्यक्ष का संदेश

छत्तीसगढ़ विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की है। अपने शुभकामना संदेश में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने कहा कि - स्वतंत्रता दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है, स्वतंत्रता के बाद से हम देशवासियों ने हमारे संविधान के प्रति अनंत आस्था प्रकट की है। हमारा भारतीय संविधान केवल कानून का एक ग्रंथ नहीं है, अपितु हमारे देश की स्वतंत्रता के लिए समर्पित हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं देश भक्तों की आशाओं एवं आकांक्षाओं का वह दीप है जिसके प्रकाश में हमारा देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो रहा है।

डॉ. चरणदास महंत ने यह भी कहा कि - भारतीय स्वतंत्रता की सात दशकों की गौरवशाली यात्रा में यह स्पष्ट परिलक्षित होता है कि जन-गण अर्थात् हमारे देश के नागरिकों ने अपने समक्ष आई प्रत्येक चुनौतियों का पूरी क्षमता के साथ मुकाबला किया है। भारतीय लोकतंत्र की अपराजेय संकल्प शक्ति को देख कर हम गर्व से कह सकते हैं - "सारे जहां से अच्छा, हिन्दोस्तां हमारा"

इस अवसर पर मान. विधान सभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों से अपेक्षा की है कि राज्य के नागरिकगण अपने राष्ट्रीय दायित्वों की पूर्ति हेतु और अधिक सजग और समर्पित होंगे जिससे हमारा राष्ट्र प्रगति पथ पर द्रुत गति से अग्रसर होगा।